जब तुम दलीलें दे रहे थे भूख से नहीं मर रहे बच्चे, रिक्शा चालाक और मजदूर, तब सड़क पर खड़े एक भिखमंगे ने फेंक दिया था खोलकर अपने शरीर पर बचा एक मात्र अधोवस्त्र, खड़ा हो गया था नंगा शासन के ख़िलाफ़! कि नंगे का सामना नंगा ही कर सकता है, भूख भूखे को ही जिबह करती है, लील लेती है बेरोजगारी मासूम युवा को फंदे की शक्ल में. भूख से आदमी नहीं मरता; मरती हैं अंतड़ियां, सूख जाता है रक्त गायब हो जाता है शरीर का पानी, तब मौत का कारण कुछ और दर्ज किया जाता है, 'भूख' बिलकुल नहीं। तुम सच कहते हो मंत्री महोदय! आज तक एक भी मौत भूख से नहीं हुई, मौतें हुयी हैं तुम्हारे नंगेपन से, जब मर गया तुम्हारा ज़मीर, अंधी व्यवस्था ने निगल ली ईमानदारी, आदमी भेड़-बकरियों की तरह खड़ा हो गया लाइन लगाकर, बच्चों ने जान दे दी तुम्हारी वफादारी देखकर, मशालें जल गयीं इंकलाब की, जी हां, ये भूख का इंकलाब है!! (Image credit google)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें